Global Recycling Day 2026: पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों का सही उपयोग, कचरा नहीं, यह हमारा “सातवाॅं संसाधन” हैं

आज की भागदौड़ भरी दुनिया में जहाॅं विकास की अंधी दौड़ ने प्राकृतिक संसाधनों पर भारी दबाव डाला है, वहीं “Global Recycling Day” (ग्लोबल रीसाइक्लिंग डे) जैसे दिन हमें ठहरकर अपनी जीवनशैली पर विचार करने का अवसर देते हैं। हर साल 18 मार्च को मनाया जाने वाला यह दिन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि धरती के अस्तित्व को बचाने के लिए एक वैश्विक पुकार है।

इसका मुख्य उद्देश्य दुनिया को यह समझाना है कि जिसे हम कचरा समझकर फेंक देते हैं, वह वास्तव में एक बहुमूल्य संसाधन हैं। अगर हम अपनी आदतों में थोड़ा बदलाव लाएं, तो हम न केवल प्रदूषण कम कर सकते हैं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित ग्रह भी छोड़ सकते हैं।

रीसाइक्लिंग का इतिहास और इसकी आवश्यकता

रीसाइक्लिंग की अवधारणा नई नहीं है, बल्कि सदियों से इंसान पुरानी वस्तुओं को गलाकर या सुधारकर नई चीजें बनाता रहा है। हालांकि, औद्योगिक क्रांति के बाद “उपयोग करो और फेंको” के कॉन्सेप्ट ने कचरे के पहाड़ों को जन्म दिया है। 1970 में जब पहला “पृथ्वी दिवस” मनाया गया, तब दुनिया का ध्यान बड़े स्तर पर हो रहे प्रदूषण की ओर गया। इसके बाद ही आधुनिक और संगठित रीसाइक्लिंग प्रणालियों का विकास हुआ। आज, जब जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियां हमारे सामने खड़ी है, तब रीसाइक्लिंग ही वह एकमात्र रास्ता दिखता है जो हमें विनाश से बचा सकता है।

कचरा: दुनिया का “सातवाॅं संसाधन”

आमतौर पर हम प्राकृतिक संसाधनों को जानते हैं – पानी, हवा, प्राकृतिक गैस, कोयला और खनिज। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि “रीसाइकिल करने योग्य कचरा” दुनिया का सातवाॅं सबसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं। ग्लोबल रीसाइक्लिंग फाउंडेशन के अनुसार, हर साल रीसाइक्लिंग के माध्यम से करोड़ों टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को रोका जाता है। जब हम प्लास्टिक, कागज या धातु को दोबारा उपयोग में लाते हैं, तो हमें नए कच्चे माल के लिए खुदाई या पेड़ों की कटाई नहीं करनी पड़ती। यह न केवल प्रकृति का दोहन रोकता है, बल्कि इकोसिस्टम के संतुलन को भी बनाए रखता है।

रिसाइक्लिंग के आर्थिक और पर्यावरणीय लाभ

रीसाइक्लिंग का सबसे बड़ा लाभ ऊर्जा की बचत हैं। उदाहरण के लिए, एल्यूमीनियम के डिब्बों को रीसायकल करने में उतनी ही ऊर्जा का केवल 5% खर्च होता है, जितना कि नया एल्यूमीनियम बनाने में लगता है। इसी तरह, कागज के रीसाइक्लिंग से लाखों पेड़ों को कटने से बचाया जा सकता है।

यह प्रक्रिया केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था के लिए भी वरदान है। रीसाइक्लिंग उद्योग दुनिया भर में लाखों लोगों को रोजगार देता है और कच्चे माल की लागत को कम करके उद्योगों को लाभ पहुॅंचाता है।

प्लास्टिक और ई-कचरा: एक बड़ी चुनौती

आज के समय में प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक कचरा सबसे बड़ी समस्याएं बनकर उभरे हैं। प्लास्टिक जो हजारों सालों तक नष्ट नहीं होता, हमारे समुद्रों और वन्यजीवों को नष्ट कर रहा है। वहीं, पुराने मोबाइल, लैपटॉप और अन्य गैजेट्स से निकलने वाला ई-कचरा जहरीले रसायनों को मिट्टी में घोल रहा है। अगर हम इन वस्तुओं को उचित प्रबंधन और रिसाइक्लिंग करें, तो हम न केवल प्रदूषण को रोक सकते हैं, बल्कि इनमें मौजूद कीमती धातुओं जैसे सोना, चांदी और तांबे को भी वापस प्राप्त कर सकते हैं।

जागरूकता और शिक्षा की भूमिका

Global Recycling Day का एक प्रमुख स्तंभ शिक्षा है, स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं को यह सिखाना आवश्यक है कि कचरे का प्रबंधन कैसे किया जाए। जब तक आम नागरिक यह नहीं समझेगा कि उसके द्वारा फेंकी गई एक प्लास्टिक की बोतल भी पर्यावरण को नुक्सान पहुॅंचा सकती है, तब तक बड़े बदलाव संभव नहीं है। कार्यशालाओं, अभियानों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को “Three-R” के सिद्धांत – Reduce, Reuse और Recycle – के प्रति जागरूक करना समय की मांग है।

व्यक्तिगत स्तर पर छोटे कदम, बड़ा बदलाव

अक्सर हमें लगता है कि पर्यावरण बचाना सरकार या बड़ी कंपनियों का काम है, लेकिन सच तो यह है कि बदलाव की शुरुआत हमारे अपने घर से ही होती है। हम अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करके बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। घर में “गीले और सूखें कचरे” को अलग-अलग करना पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है। पुराने कपड़ों को फेंकने के बजाय उन्हें किसी को दान कर देना या उनका किसी और काम में उपयोग करना, प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग करना और ऐसी वस्तुओं को खरीदना जो दोबारा उपयोग की जा सकें, ये सभी कार्य रीसाइक्लिंग की दिशा में बड़े कदम है।

सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी

स्थिरता की ओर बढ़ने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ आना होगा। नगर पालिकाओं को कचरा संग्रहण की बेहतर व्यवस्था करनी होगी, कंपनियों को सर्कुलर इकोनॉमी को अपनाना होगा जहाॅं उत्पादों को इस तरह डिजाइन किया जाए कि वे आसानी से रीसायकल हो सकें। यह दिन हमें याद दिलाता है कि संसाधनों का अंधाधुंध दोहन हमारे ही विनाश का कारण बनेगा। अगर हम आज नहीं सचेत हुए और संसाधनों के सही उपयोग की आदत नहीं डाली, तो भविष्य की पीढ़ियों के पास जीने के लिए एक स्वस्थ वातावरण नहीं होगा।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली-NCR को प्रदूषण से बड़ी राहत: हटा GRAP-1, जानें अब क्या बदल जाएगा

इसे भी पढ़ें: Pre-Monsoon alert: 16 से 19 मार्च तक भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट