भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वोत्तर और दक्षिण में भारी बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट

भारत के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। भारत के उत्तर, मध्य और पूर्व के हिस्सों में बढ़ते तापमान का दौर जारी है। आज 27 मई, 2026 को जारी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले अगले 2 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।हालांकि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भारत के उत्तर-पश्चिम में सक्रिय हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। कई जगहों पर तेज हवाएं और बारिश की भी संभावना है।

कहां-कहां चलेगी लू?

मौसम विभाग ने आज 27 मई को छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में लू चलने का अंदेशा जताया है। इन राज्यों में दोपहर के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। दोपहर में बाहर काम कर रहे लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली-NCR में और 2 दिनों तक जारी रहेगा भीषण गर्मी का प्रकोप

दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्र (NCR) में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का प्रभाव जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि 28 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि 28 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती है। मौसम में बदलाव होने से 29 मई तक तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण में बारिश की संभावना

आज, 27 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, और त्रिपुरा में बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल का उत्तरी उप-हिमालयन भाग और सिक्किम में भी तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने कहा कि कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा है।

कहां पहुंचा मानसून?

  • अनुकूल परिस्थितियां: मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हैं।
  • इन क्षेत्रों में बढ़ेगा आगे: मानसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी (दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य) तथा अंडमान सागर के शेष हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।
  • बारिश में होगी बढ़ोतरी: मानसून की इस प्रगति के कारण कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी।
  • गर्मी से मिलेगी राहत: बारिश के प्रभाव से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें: Weather Update 22 May: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट

इसे भी पढ़ें: मौसम अपडेट 26 मई: कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत? जानें मौसम का ताजा हाल