प्रकृति हमेशा से ही अपने अद्भुत रंगों और रूपों से इंसान को हेरान करती आई है। कभी यह रंग हमें फूलों में दिखाई देते हैं, तो कभी समुद्र की लहरों में। लेकिन जब बात आती है पहाड़ों की, तो हमारे मन में अक्सर बर्फ से ढके सफेद पहाड़ या हरीयाली से भरे ऊंचे पर्वत नज़र आते हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया में कुछ पहाड़ ऐसे भी हैं जिन्हें देखकर आपको ऐसा लगेगा कि प्रकृति ने खूद अपने हाथों से पेंट किया हो। इन रंग-बिरंगे पर्वतों को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे धरती पर इंद्रधनुष उतर आया हो। आइए जानते हैं दुनिया की 5 रंग-बिरंगी पहाड़ियाॅं के बारे में।
1. रेनबो माउंटेन (विनीकुंका), पेरू

दक्षिण अमेरिका के पेरू देश में स्थित “रेनबो माउंटेन” जिसे यहां रहने वाले स्थानीय लोग विनीकुंका (Vinicunca) कहते हैं, यह रेनबो माउंटेन प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत करिश्मा है। यह समुद्र तल से लगभग 5,200 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है।
विशेषता:
- इस पर्वत की सतह पर लाल, गुलाबी, पीली, हरी, बैंगनी और फिरोज़ी रंग की परतें साफ़ दिखाई देती हैं।
- यह रंग खनिजों के कारण बने हैं। उदाहरण के लिए, लाल रंग आयरन ऑक्साइड से, हरा क्लोराइट से और पीला सल्फर से बनता है।
आकर्षण:
पर्यटक यहाँ तक पहुँचने के लिए करीब 6 से 7 घंटे की ट्रैकिंग करते हैं। पहाड़ी की चोटी पर पहुँचने के बाद चारों ओर फैले रंगीन दृश्य जीवनभर की यादगार बन जाते हैं। इसे “माउंटेन ऑफ सेवन कलर्स” भी कहा जाता है।
2. झांग्ये डैनक्सिया लैंडफॉर्म, चीन

चीन के गांसु प्रांत में स्थित झांग्ये डैनक्सिया (Zhangye Danxia Landform) भूगर्भीय (Geological) चमत्कार है। इसे यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा भी प्राप्त है।
विशेषता:
- यहाँ की रंगीन पहाड़ियां पर लाल, पीली, हरी और नारंगी परतें दिखाई देती हैं।
- यह रंग लगभग 24 मिलियन साल पहले बनी चट्टानों और खनिजों के जमने के कारण बने हैं।
आकर्षण:
इस जगह को “पेंटेड माउंटेन” भी कहा जाता है। जब सूर्यास्त होता है, तो इन पहाड़ियों का दृश्य ऐसा लगता है जैसे कि किसी ने कैनवास पर रंगों की धारियाँ भर दी हों। यह चीन के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है।
3. लैंडमन्नालौगर, आइसलैंड

आइसलैंड का लैंडमन्नालौगर (Landmannalaugar) क्षेत्र अपनी ज्वालामुखीय पहाड़ियों और रंगीन धरातल के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र फ्योर्द्राबैक नेचर रिजर्व का हिस्सा है।
विशेषता:
- यहाँ की रंगीन पहाड़ियां रियोलाइट (Rhyolite) नामक ज्वालामुखीय के चट्टानों से बनी हैं।
- इन चट्टानों में सिलिका, आयरन और सल्फर जैसे खनिज पाए जाते हैं, जिसके कारण लाल, गुलाबी, सुनहरी और हरे रंग की परतें दिखाई देती हैं।
आकर्षण:
यहाँ के गर्म पानी के झरने और रंगीन पहाड़ियां पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। गर्मियों में हाइकिंग और ट्रैकिंग के लिए यह क्षेत्र दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करता है।
4. पेंटेड हिल्स, अमेरिका

अमेरिका के ओरेगन राज्य में स्थित पेंटेड हिल्स (Painted Hills) प्राकृतिक रंगों का खज़ाना है। यह जगह जॉन डे फॉसिल बेड्स नेशनल मॉन्यूमेंट का हिस्सा है।
विशेषता:
- यहाँ की मिट्टी में लाल, पीले, सुनहरे और काले रंग की परतें साफ़ दिखाई देती हैं।
- ये रंग वहाँ के ज्वालामुखीय राख और प्राचीन वनस्पतियों के जीवाश्म से बने हैं।
आकर्षण:
यहाँ की पहाड़ियों का दृश्य मौसम और रोशनी के हिसाब से बदलता रहता है। सूरज की रोशनी जब इन पर पड़ती है, तो पहाड़ियाँ और भी चमक उठती हैं। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
5. वैली ऑफ फायर स्टेट पार्क, अमेरिका

अमेरिका के नेवादा राज्य में स्थित वैली ऑफ फायर (Valley of Fire State Park) अपने अद्भुत लाल और नारंगी रंग के पत्थरों के लिए मशहूर है।
विशेषता:
- यह जगह करीब 150 मिलियन साल पहले रेत के टीलों के जमाव से बनी है।
- यहाँ लाल, गुलाबी और नारंगी रंग की चट्टानें अलग-अलग पैटर्न में दिखाई देती हैं।
आकर्षण:
यहाँ की “फायर वेव” नामक संरचना सबसे लोकप्रिय है, जो लहरों की तरह रंगीन धारियों से सजी हुई है। रेगिस्तान के बीच में यह स्थान मानो रंगों का जादू बिखेरती है।
निष्कर्ष
दुनिया की ये रंगीन पहाड़ियां हमें बताती हैं कि प्रकृति कितनी अद्भुत और अनोखी हो सकती है। खनिजों, चट्टानों और लाखों साल पुराने भूगर्भीय बदलावों के कारण बने ये रंग हमें धरती की अनमोल धरोहर का एहसास कराते हैं। चाहे वह पेरू की रेनबो माउंटेन हो या चीन की झांग्ये डैनक्सिया, हर जगह का नज़ारा एक अलग ही अनुभव देता है। इन पहाड़ियों की खूबसूरती सिर्फ पर्यटन तक ही सीमित नहीं, बल्कि यह हमें प्रकृति की शक्ति और कला का अनोखा उदाहरण भी दिखाती हैं।
इसे भी पढ़ें: हिमालय पर्वतमाला: विश्व की सबसे महान पर्वत श्रृंखला
