भारत के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल, 72 घंटों में बदल सकता हैं मौसम, कुछ राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

इस समय उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। राजधानी दिल्ली से लेकर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक में गर्मी का प्रभाव दिखाई दे रहा है। दोपहर में तेज धूप के कारण कुछ जगहों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और रात के समय भी गर्मी पीछा नहीं छोड़ रही हैं। आज 21 मई, 2026 को मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, आने वाले 3 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। कुछ जगहों पर तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

उत्तर भारत ने तोड़े गर्मी के सारे रिकॉर्ड

देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में इस समय हीटवेव का कहर जारी है। यूपी के बांदा शहर में सबसे ज्यादा तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को अपने घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। बढ़ती गर्मी के कारण पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली के तापमान में लगभग 1 डिग्री की मामूली गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद गर्मी में कोई खास फर्क नहीं पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री के बीच रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है।

कहां-कहां जारी है मौसम का अलर्ट

आज 21 मई, 2026 को मौसम विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की आशंका जताई है। इन राज्यों में लोगों को दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के वजह से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में स्थिति और भी ज्यादा गंभीर होने की संभावना है। इन राज्यों में मौसम विभाग ने भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है और कुछ जगहों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के मैदानी इलाकों, तमिलनाडु और पुडुचेरी में उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है। यहां पर उमस बढ़ने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उमस से भरी गर्मी शरीर में जल्दी थकान पैदा करती है और इससे डिहाइड्रेशन का भी जोखिम बना रहता है।

72 घंटे बाद मौसम में हो सकता है बदलाव

मौसम विभाग ने गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 72 घंटों बाद देश के कई जगहों पर मौसम में बदलाव हो सकता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की संभावना बन रही है।

देश के 13 राज्यों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। कुछ जगहों पर 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की भी चेतावनी दी है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। आज 21 मई, 2026 को जम्मू-कश्मीर में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेजी से हवाएं चल सकती है। इन जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

इन पहाड़ी जगहों पर मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे यहां पर रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि खराब मौसम के कारण भूस्खलन जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती है।

मानसून की रफ्तार में तेजी

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते जा रहे हैं। आने वाले अगले 3 से 4 दिनों में मानसून केरल पहुंच सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है। अगर मानसून समय से पहले केरल पहुंचता है तो देश के कुछ इलाकों में गर्मी से जल्दी राहत मिल सकती है।


इसे भी पढ़ें: Weather Update 20 May: दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन, IMD ने 6 दिनों के लिए जारी किया लू का ऑरेंज अलर्ट

इसे भी पढ़ें: आज का मौसम (29 मार्च 2026): दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल