इन दिनों भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, लू और उमस का कहर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा Weather Update 20 May के अनुसार, भारत के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में अगले कई दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। भारत में हीटवेव का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते इन हिस्सों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी ओर, दक्षिण भारत में मानसून के आगे बढ़ने से कुछ राहत की उम्मीद बंधी है। बदलते मौसम के इस मिजाज का सीधा असर आम लोगों के स्वास्थ्य और किसानों की तैयारियों पर पड़ रहा है।
भारत के कई राज्यों में लू का प्रभाव
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू चलने की असंका जताई है। इसके अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में दोपहर के समय अगर कोई जरूरी काम न हो तो बाहर निकलने से बचें।
बांदा रहा देश का सबसे गर्म शहर
मैदानी इलाकों में तेज धूप और लू के थपेड़ो ने लोगों को दोपहर के समय अपने घरों में ही रहने पर मजबूर कर दिया है। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी का बांदा शहर सबसे गर्म स्थान बन गया है, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में लू का 6 दिनों का ‘ऑरेंज अलर्ट’
राजधानी दिल्ली में भी गर्मी अपने चरम पर है। यहां सीजन का सबसे गर्म दिन और रात दर्ज की गई है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा) और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल और झुलसाने वाली हवाएं चल सकती हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए राजधानी में अगले छह दिनों तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
यहाँ मिलेगी गर्मी से राहत
जहाँ उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं कुछ राज्यों के लिए अच्छी खबर भी है। महाराष्ट्र और गुजरात में 20 से 25 मई के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके 26 मई के आसपास केरल तट पर पहुंचने की उम्मीद है, जिससे किसानों ने खरीफ फसलों की तैयारी शुरू कर दी है। असम के हाफलोंग में देश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
कैसे बचें इस भीषण गर्मी से?
लगातार इतने ऊंचे तापमान में रहने से हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि:
- दोपहर के समय, खासकर 12 बजे से 4 बजे के बीच, घरों से बाहर निकलने से बचें।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें; पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और घर से बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें।
- बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का इस मौसम में खास ख्याल रखें।
इसे भी पढ़ें: शहरों की भयंकर गर्मी का ‘संजीवनी’ इलाज: पेड़ कैसे ‘अर्बन हीट आइलैंड’ के असर को कर रहे हैं आधा
इसे भी पढ़ें: जलवायु संकट: अप्रैल 2026 बना इतिहास का तीसरा सबसे गर्म महीना, ‘अल नीनो’ ने बढ़ाई दुनिया की धड़कनें
इसे भी पढ़ें: आज का मौसम (29 मार्च 2026): दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल
