हर वर्ष 8 जून को ‘विश्व महासागर दिवस’ (World Oceans Day) मनाया जाता है। यह दिन हमें अवसर देता है कि हम महासागर और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक बने। पृथ्वी की सतह का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा महासागरों से घिरा हुआ है। पृथ्वी के इकोसिस्टम के लिए महासागर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये न केवल पर्यावरण के लिए, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत जरूरी है। वर्ष 2026 की थीम है “दोबारा नए तरीके से सोचें” (Reimagine) इसका मतलब है कि हमें महासागर को देखने और उसके प्रति अपने व्यवहार को नए तरीकों से समझना होगा।
महासागर हमारे लिए क्यों महत्वपूर्ण है?
महासागर पृथ्वी की सतह का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा घेरे हुए है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, धरती पर मौजूद महासागर पेड़-पौधों से कहीं ज्यादा ऑक्सीजन का उत्पादन करते है जो कि 50 प्रतिशत से भी ज्यादा होता है। इसके अलावा समुद्र लाखों जीवों जैसे, छोटी मछलियां, शार्क, व्हेल, रंग-बिरंगे मूंगे और अधिकांश जैव विविधता का घर भी है। महासागर इंसानों के लिए भोजन का भी बड़ा स्रोत है। पूरी दुनिया में एक अरब से भी ज्यादा लोग समुद्र से मिलने वाले भोजन (Seafood) पर निर्भर है।
महासागर जलवायु संतुलन में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका
महासागर केवल भोजन का स्रोत ही नहीं है, बल्कि यह धरती के जलवायु संतुलन में भी अहम भूमिका निभाते हैं। धरती पर इंसानों द्वारा उत्पन्न किए गए कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा यह महासागर अवशोषित कर लेते हैं। इससे ग्लोबल वार्मिंग के असर में कमी आती है। अगर महासागर यह काम करना बंद कर दें तो धरती का तापमान खतरनाक तेजी से बढ़ सकता है।
महासागरों के सामने क्या खतरें है?
आज के समय में महासागर कई गंभीर खतरों का सामना कर रहे हैं। हद से ज्यादा मछली पकड़ने के कारण इनकी आबादी में लगभग 90 प्रतिशत तक की कमी देखने को मिली है। इसके अलावा, कोरल रीफ का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा भी नष्ट हो चुका है। कोरल रीफ समुद्री जीवों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इनमें कई समुद्री जीव रहते हैं।
महासागरों के लिए प्लास्टिक प्रदूषण सबसे बड़ा खतरा बन गया है। हर वर्ष लाखों टन प्लास्टिक कचरा समुद्र में पहुंच जाता है, जिससे समुद्र में रहने वाले जीवों को भारी नुकसान पहुंचता है। कई समुद्री जीव प्लास्टिक खा लेते हैं और कई उसमें फंस कर अपनी जान गंवा देते हैं।
जलवायु परिवर्तन भी एक बड़ा कारक है महासागरों के नुकसान के लिए। समुद्र के बढ़ते तापमान के कारण कोरल रीफ सफेद पड़ जाती है। इससे समुद्री इकोसिस्टम कमजोर पड़ जाता है और कई समुद्री जीवों का जीवन भी खतरें में होता है।
संरक्षण के प्रयास
दुनिया भर में महासागरों के संरक्षण के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। समुद्र के कई हिस्सों में संरक्षित क्षेत्र बनाए गए हैं, जहां मछली पकड़ने जैसे गतिविधियों पर सख्त मनाही है। सफाई अभियानों के जरिए समुद्र से प्लास्टिक कचरे को निकाला जा रहा है। आधुनिक तकनीकों की मदद से महासागर की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का इस्तेमाल और भी बढ़ाया जा रहा है, जिससे प्रदूषण कम हो सकें।
विश्व महासागर दिवस 2026 का संदेश
इस साल विश्व महासागर दिवस का संदेश साफ है कि अब समय आ गया है जब हम सभी इंसान महासागर को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन के आधार के रूप में देखें। हमको अब अपनी सोच बदलने की जरूरत है, और साथ ही महासागर के साथ एक नया संतुलित संबंध बनाने की जरूरत है। अगर हम प्रदूषण को नियंत्रण में रखें, समुद्री जीवन के संरक्षण में योगदान दे और इको-फ्रेंडली विकास अपनाएं, तो इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक साफ और जीवंत महासागर सुनिश्चित किया जा सकता है।
इसे भी पढ़े: विश्व ट्यूना दिवस: संकट से उबरने के बाद ट्यूना मछली पर मंडराया जलवायु परिवर्तन का खतरा
इसे भी पढ़ें: पिघलती बर्फ के कारण ध्रुवीय भालू आर्कटिक से गायब होते जा रहे हैं: जानें 2026 की ताजा रिपोर्ट
