मौसम अपडेट 26 मई: कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत? जानें मौसम का ताजा हाल

इस समय भारत के उत्तरी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 28 मई तक भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की कोई खास उम्मीद नहीं है, लेकिन 29 से 31 मई के दौरान तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि यह राहत भी सीमित ही रहेगी, क्योंकि ‘नौतपा’ (साल के 9 सबसे गर्म दिन) का प्रभाव अभी बाकी है। ये साल के वह नौ दिन होते हैं जो मई महीने के अंत से शुरू होकर जून के पहले हफ्ते तक चलते है। इस प्रक्रिया के दौरान सूर्य भूमध्य रेखा के बहुत पास आ जाता है और कर्क रेखा की तरफ बढ़ने लगता है, जिससे मैदानी क्षेत्रों का तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाता है।

दिल्ली और आस-पास के राज्यों में कब तक मिलेगी भीषण गर्मी से राहत?

फिलहाल दिल्ली और उसके आस-पास वाले राज्यों में 26 से 27 मई तक कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने इन जगहों के लिए भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अंदेशा है।दोपहर के समय बाहर काम कर रहे लोगों को गर्मी से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 और 29 मई को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे में बदल सकती है। इन राज्यों में तापमान के गिरावट के कारण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

कई राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना

वर्तमान समय में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। बिहार, झारखंड, कर्नाटक और कुछ दक्षिण के राज्यों में तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है। कई क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अंदेशा है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के समय खुले जगहों और पेड़ों के पास जाने से चेताया है।

दक्षिणी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। केरल और तमिलनाडु में तो भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक हो सकती है बारिश। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में उमस भरा मौसम भी बना रहेगा।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं के चलने का अंदेशा है। समुद्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वह खराब मौसम के दौरान समुद्र में न जाएं।

मानसून की स्थिति

दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले अगले 2 से 3 दिनों में यह मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इससे भारत के दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियां और ज्यादा बढ़ सकती है।

यह समय किसानों के लिए खेतों की तैयारी का है। जिन इलाकों में मानसून पहुंचने वाला है उन जगहों पर किसान बुवाई की तैयारी शुरू कर सकते हैं, लेकिन तेजी से मौसम में हो रहे बदलावों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की भी जरूरत है।


इसे भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam 21 May 2026: भारत के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल, 72 घंटों में बदल सकता हैं मौसम

इसे भी पढ़ें: Weather Update 22 May: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट